
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंवई (ग्रामीण) छात्रों का 'झंडा' उठाया है। मसला, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में अंग्रेजी की जांच परीक्षा अनिवार्य किए जाने का है। मुख्यमंत्री ने इसका पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने इस बारे में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार यह नई व्यवस्था हर हाल में खत्म होनी चाहिये। यह वस्तुत: उन छात्रों या प्रतियोगिता परीक्षा के प्रतिभागियों के साथ अन्याय है, जो ग्रामीण परिवेश से आते हैं।
कुछ दिन पहले उत्तरप्रदेश के एक छात्र ने इस बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। उसका आग्रह था कि मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) इस बारे में हस्तक्षेप कर उन छात्रों को न्याय दिलायें, जो हिंदी भाषी राज्यों के ग्रामीण परिवेश से आते हैं। मुख्यमंत्री ने इसी पत्र को आधार बना केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को परेशानी होगी। ऐसा नहीं होना चाहिये। उन्होंने बताया कि अभी तक दिल्ली ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, कोई जवाब नहीं आया है।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक करने वाले नहीं बख्शे जाने चाहिये। यह बड़ा भयावह अपराध है। उनसे पूछा गया था कि एआईईईई परीक्षा का प्रश्नपत्र आउट करने में बिहार के भी कोचिंग संस्थान का नाम आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा-'अगर ऐसा है, तो हमारी पुलिस जांचकर्ताओं को भरपूर मदद करेगी।' उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले पांच वर्ष के दौरान खासकर परीक्षा के मामले में बहुत कुछ बदला, सुधरा है। नहीं तो यही बिहार मेधा घोटाला जैसी बदनामी झेला था।
No comments:
Post a Comment