
प्रख्यात अभिनेता दिलीप कुमार अब फिल्मों में सक्रिय नहीं हैं लेकिन फिर भी वह फिल्मोद्योग के लोगों के कल्याण में मदद के लिए तैयार हैं। अट्ठासी वर्षीय कुमार ने यहां सिने एवं टेलीविजन कलाकार संघ (सिन्टा) की 16 मंजिला इमारत में एक मंजिल के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये दान में देने का फैसला किया।
सिन्टा के उपाध्यक्ष गजेंद्र चौहान ने बताया, एक सिने कलाकार कल्याण ट्रस्ट है, अमजद खान, दिलीप कुमार, मिथुन चक्रवर्ती और दारा सिंह जैसे कलाकारों ने 1992 में इसकी स्थापना की थी। दिलीप कुमार ने ट्रस्ट के निर्माण कोष में 15 लाख रुपये का दान दिया है। इमारत के निर्माण में इसका इस्तेमाल होगा। उन्होंने बताया, इसके अलावा हमारे पास पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि है। पिछले साल स्टार प्लस और सुपरस्टार्स का जलवा शो के जरिए हमने यह राशि इकट्ठी की थी।
राज्य सरकार ने अंधेरी पश्चिम में सिन्टा टॉवर के लिए भूमि दान की है। लोखण्डवाला परिसर के नजदीक कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्पताल से लगकर इस इमारत का निर्माण होगा।
चौहान ने बताया, हमने इमारत निर्माण के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के लिए आवेदन कर दिए हैं। इमारत की नींव भी रख दी गई है। अब अगले तीन-चार महीने में निर्माण शुरू हो जाएगा और मुझे लगता है कि अगले दो-तीन साल में इमारत तैयार हो जाएगी और यहां से काम शुरू हो जाएगा।
No comments:
Post a Comment