Tuesday, May 17, 2011

इस्लामाबाद.पाकिस्तान ने भारत से किसी संघर्ष की स्थिति में वहां हमले के लक्ष्य चिह्नित किए हुए हैं। खुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख अहमद शुजा पाशा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि अगर भारत एबटाबाद जैसे किसी हमले को अंजाम देता है तो पाकि स्तान की तरफ से भी उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके लिए भारत के अंदर के लक्ष्यों की पहचान की जा चुकी है और अभ्यास कार्यक्रमों को भी अंजाम दिया जा चुका है। शुक्रवार को बंद कमरे में हुए देश की सीनेट और राष्ट्रीय एसेंबली के संयुक्त सत्र क ो संबोधित करते हुए पाशा ने यह चेतावनी दी।

पाकिस्तान के प्रमुख अखबार डॉन की खबर के मुताबिक, पाकिस्तान में हमला कर सकने की क्षमता संबंधी भारत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाशा ने साफ तौर पर कहा कि पहले किए गए किसी भी हमले पर सही और जरूरी प्रतिक्रिया दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की किसी भी स्थिति के लिए आकस्मिक योजना तैयार है और भारत में लक्ष्यों जिह्नित किए जा चुके हैं। पाशा ने सांसदों से यह भी कहा कि इसके लिए अभ्यास कार्यक्रमों को भी अंजाम दिया जा चुका है। इससे पहले भी पाकिस्तानी सेना और सरकार ने एबटाबाद जैसे किसी हमले को अंजाम देने के लिए भारत को चेतावनी दी थी।
पटना। बिहार पुलिस अब राष्ट्रीय स्तर की होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार की देर शाम पुलिस महकमे के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक कर इसके मद्देनजर कई आदेश दिए हैं। बैठक में न सिर्फ बिहार पुलिस को राष्ट्रीय स्तर का बनाने पर चर्चा हुई बल्कि राज्य में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए निर्देश भी जारी हुए। बैठक के बाद पुलिस मुख्यालय के एडीजी पीके ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपराध नियंत्रण को लेकर कई आदेश दिए हैं जिसका अनुपालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बैठक में विधि-व्यवस्था से लेकर सिपाही बहाली,स्पीडी ट्रायल, पुलिस बल को बेहतर बनाने, उनके परिक्षण कार्यक्रम की चर्चा के अलावे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात की गई। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस पब्लिक के राष्ट्रीय औसत प्राप्त करने के लिए पांच वर्षा में 45 हजार सिपाही और पांच हजार दारोगा की बहाली होगी। वहीं इंदिरा आवास में गड़बड़ी करने वाले को पकड़ने का निर्देश दिया गया है। साथ ही हर जिले में एक महिला थाना खोलने का निर्देश जारी किया गया है।
पटना। विकास की नित नई गाथा लिख रहा बिहार अब पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरकर सामने आ रहा है। जिस राज्य में प्रवेश करने से पहले लोग हजार दफा सोचते थे उस राज्य में हाल के वर्षो में पर्यटकों की संख्या में आश्यर्चजनक वृद्धि हुई है। अब तो यह दावा किया जाने लगा है कि पर्यटन के मामले में बिहार ने गोवा को पीछे छोड़ दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूटान यात्रा से राज्य में पर्यटन उद्योग के और फलने-फूलने की आस बंधी है।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2010 में करीब 4.93 लाख विदेशी पर्यटक बिहार आए, जबकि इसी दौरान 1.57 करोड़ से ज्यादा देशी पर्यटकों ने यहां के धार्मिक, ऐतिहासिक और अन्य पर्यटन स्थलों का दौरा किया। वर्ष 2009 में बिहार आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 4,23,042 थी, वहीं 2008 में मात्र 3,45,572 विदेशी पर्यटक ही बिहार पहुंचे।

इसी तरह वर्ष 2007 में बिहार आने वाले करीब एक करोड़ पर्यटकों में 1.77 लाख विदेशी पर्यटक थे। राज्य के गया जिले ने सबसे अधिक पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। पिछले साल गया में कुल 2़ 25 लाख पर्यटक पहुंचे।

राज्य के पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू के मुताबिक मुख्यमंत्री की यात्रा के बाद यहां आने वाले भूटानी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि तय मानी जा रही है। राज्य में इन दिनों पर्यटकों की संख्या गोवा पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या को भी पार कर गई है।

पिंटू का दावा है कि बिहार में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि बिहार में बदलाव का सूचक है। उन्होंने बताया कि यूं तो प्रारंभ से ही राज्य में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की भरमार है, लेकिन अब लोगों का बिहार के प्रति विश्वास बढ़ा है।

राज्य में पर्यटन के क्षेत्रों के अलावे सड़क और कानून की स्थिति में सुधार हो रहा है। इस कारण पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। वह कहते हैं राज्य में पर्यटन क्षेत्र में असीम सम्भावनाएं हैं, जिसके विकास के लिए सरकार प्रयत्नशील है।

एक अनुमान के मुताबिक भूटान से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। वर्ष 2008 में जहां भूटान से आने वाले पर्यटकों की संख्या करीब दो लाख थी, वहीं वर्ष 2010 में इसकी संख्या दोगुनी हो गई।

राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार करने वाले भी आशान्वित हैं, लेकिन वे इस दिशा में अब भी बहुत किए जाने की आवश्यकता बताते हैं।

पटना में टूर एंड ट्रेवल्स का काम कर रहे 'ट्रेवलनेट' के प्रबंधक यू़ गणेश बताते हैं कि बिहार में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि अवश्य दर्ज की जा रही है, लेकिन अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। आज भी पर्यटकों को यह शिकायत रहती है कि पटना के बाहर ठहरने के लिए अच्छे होटलों की व्यवस्था नहीं है।

उधर, राजगीर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकृष्ण सिंह बताते हैं कि 10 वर्ष पूर्व तक होटल व्यवसाय मंदी के दौर में पहुंच गया था। होटलों में किसी-किसी दिन ग्राहक आते थे। लेकिन 2007 के बाद स्थिति में सुधार हो रहा है। अब देसी ही नहीं, विदेशी ग्राहक भी यहां पहुंच रहे हैं। यहां 30 से अधिक होटल, धर्मशाला और 10 से अधिक लॉज हैं।

पर्यटकों से रोजगार पाने वाले रामनाथ को भी आशा है कि भूटानी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से उनकी आय में भी वृद्धि होगी।

Saturday, May 7, 2011

लादेन की हवेली से जब्त दस्तावेज एक चेतावनी

एक प्रमुख अमेरिकी सांसद ने कहा है कि ओसामा बिन लादेन के परिसर में बरामद हुए दस्तावेज अमेरिका के लिए चेतावनी है, क्योंकि उनमें आतंकवादी हमला करने की अलकायदा की साजिश का खुलासा किया गया है।

भूतल परिवहन पर सीनेट की वाणिज्यिक उप समिति के अध्यक्ष फ्रांक आर लौटेनबर्ग ने कहा कि ओसामा बिन लादेन के परिसर में जब्त दस्तावेज अमेरिका के लिए चेतावनी है। इसमें हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा का जिक्र है, ट्रेन मुख्य निशाने पर है अतएव उसे सुरक्षित बनाया जाना चाहिए।

पाकिस्तान के ऐबटाबाद में ओसामा के परिसर में मिले इन दस्तावेजों में अमेरिकी रेल नेटवर्क पर नए खतरे का खुलासा किया गया है। लौटेनबर्ग ने कहा कि आतंकवादियों ने दुनियाभर में रेल तंत्र पर हमला किया और हम मास्को, मैड्रिड, लंदन और मुंबई में विनाशकारी परिणाम देख चुके हैं। अब हमें ओसामा बिन लादेन के परिसर से अमेरिका के रेलतंत्र को निशाना बनाने वाले हस्तलिखित नोट मिले हैं।

उन्होंने कहा कि हमें अपने भूतल परिवहन नेटवर्क के लिए सुरक्षा व्यय में कटौती रोकनी होगी और वास्तविक खतरों से अपने रेलवे को बचाने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बहुत बड़ा जोखिम है क्योंकि प्रति दिन अमट्रैक से 70 हजार से अधिक लोग सफर करते हैं, न्यूजर्सी ट्रांजिट में साढ़े चार लाख लोग सवारी करते हैं, जबकि न्यूयॉर्क सिटी सबवे तंत्र से 80 लाख लोग चलते हैं।

Friday, May 6, 2011

बॉलीवुड कामगारों संग बांटूंगा अपनी आय : सलमान

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान कहते हैं कि वह फिल्मी दुनिया के कामगारों की मदद करना चाहते हैं। वह कहते हैं कि वह इस दुनिया के सुविधाहीन लोगों के लिए अपनी आय का एक हिस्सा देंगे।
सलमान ने कहा, इस समय मैं फिल्मों से होने वाली अपनी आय का एक प्रतिशत हिस्सा उन्हें देना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि वैसे तो हर कोई अपनी आय का आधा प्रतिशत इन कामगारों को पारिश्रमिक देने के लिए देता है लेकिन उनके द्वारा दी जाने वाली राशि ज्यादा होगी। उन्होंने कहा, सरकार फिल्मोद्योग से आय का 30 प्रतिशत हिस्सा लेती है, इसके अलावा मनोरंजन कर दिया जाता है। यह पैसा कहां जाता है, इस सम्बंध में मैं कुछ नहीं जानता। मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि हम यदि थोड़ा सा भी पैसा देते हैं तो वह फिल्मोद्योग के कामगारों तक पहुंचना चाहिए।
सलमान कहते हैं कि वह पहले फिल्मोद्योग के कर्मचारी संघों के प्रमुखों के मिलकर इसकी रणनीति तैयार करेंगे और साथ ही यह भी देखेंगे कि इसके लिए कितने पैसे की जरूरत है। इसके बाद उन्हें पैसा दिया जाएगा।
सलमान की फिल्म रेडी तीन जून को प्रदर्शित होने जा रही है। यह तेलुगू में इसी नाम से बनी हास्यप्रधान फिल्म का हिंदी संस्करण है। इसमें सलमान के साथ आसिन थोट्टुमकल ने भी अभिनय किया है। वैसे अब तक इस फिल्म का प्रचार शुरू नहीं हुआ है। सलमान कहते हैं कि इसके लिए 15 दिन के समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब भी इसके लिए समय मिलेगा तो वह निश्चित रूप से 15-20 जगहों पर जाएंगे और वहां अपने एनजीओ बींग ह्यूमन के तहत जरूरतमंदों की मदद करेंगे।
सलमान ने फिल्म के प्रचार के लिए खर्च की जाने वाली राशि का कुछ हिस्सा सहायतार्थ कार्यो के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य कलाकार भी इसमें सहयोग करेंगे।

Wednesday, May 4, 2011

सुरेश कलमाड़ी का जीवन परिचय


मीडिया में उन पर इतने आरोप लगे हैं कि वो बहुत से लोगों की नज़र में भ्रष्टाचार का जैसे पर्याय बन गए लगते हैं. उन पर चुटकुले तक निकले पड़े.

उधर पुणे के लोग कलमाड़ी को उनकी पार्टियों, पेज-थ्री व्यक्तित्व के कारण भी जानते है.

लोकसभा में पुणे का प्रतिनिधित्व करने वाले सुरेश कलमाड़ी की दिल्ली के नेताओं से नज़दीकी और उनके राजनीतिक ग्राफ़ का सालों से लगातार ऊपर जाना कांग्रेस के कई लोगों के मुताबिक समझ से बाहर है.

एक कांग्रेस नेता कहते हैं,“हमें देखिए, दशकों से पार्टी की सेवा की, लेकिन आगे नहीं बढ़ पाए. दूसरी ओर कलमाड़ी को देखिए. उन्होंने पार्टी छोड़ी, लेकिन जब चाहा वापस आ गए.”


वायुसेना से भी जुड़े रहे..

.राजनीति में सुरेश कलमाड़ी को शरद पवार का नज़दीकी माना जाता है, यहाँ तक कि एक विश्लेषक ने उन्हें कलमाड़ी का गॉड-फॉदर तक बताया.

कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेता तो ये भी कहते हैं कि कलमाड़ी ने पवार को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भी पूरा ज़ोर लगा दिया था.

पुणे के फर्ग्युसन कॉलेज के पढ़े 67-वर्षीय सुरेश कलमाड़ी ने नेशनल डिफ़ेंस अकादमी (एनडीए) खड़कवासला से स्नातक किया. वर्ष 1965 में पायलट के तौर पर वो भारतीय वायुसेना से जुड़े. उन्होंने 1965 और 1971 की जंग में भी हिस्सा लिया.

ऐसा भी कहा जाता है कि उन्हें पदकों से सम्मानित किया गया. वर्तमान में पुणे से कांग्रेस विधायक उल्हास पवार कहते हैं कि पदक की बात अब कही जा रही है लेकिन उन्हें इस बारे में पता नहीं था.

ये उल्हास पवार ही थे जिन्होंने कलमाड़ी को सत्तर के दशक में पुणे युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया था.सुरेश कलमाड़ी एनडीए में वायुसेना ट्रेनिंग टीम के इंस्ट्रक्टर भी रहे. बाद में वायुसेना से सेवानिवृत्ति ले ली.


उद्यमी कलमाड़ी
सुरेश कलमाड़ी के पिता डॉक्टर के शामराव पुणे के जानेमाने समाजसेवी थे. उन्होंने कन्नड संघ और पुणे में कन्नड स्कूल की शुरुआत की. दरअसल कलमाड़ी परिवार कर्नाटक का रहने वाला था.

वायुसेना के बाद सुरेश कलमाड़ी ने पुणे के डेकन जिमखाना इलाके में होटल पूना कॉफ़ी हाऊस को एक समाजवादी राजनीतिज्ञ नीलूभाऊ लिमय से खरीदा.

उस वक़्त ये एक छोटी सा रेस्तराँ था, लेकिन कलमाड़ी ने इसमें बदलाव कर इसे चमकदार बनाया. अब भी कई लोग उन्हें पूना कॉफ़ी हाउस के दिनों में पैसे गिननेवाले सुरेश कलमाड़ी के तौर पर याद करते हैं.

वो सत्तर का दशक था और पूना कॉफ़ी हाऊस जैसे कलमाड़ी के उद्यम की शुरुआत थी.

उन्हीं दिनों में कलमाड़ी की मुलाकात ग़ैर-सरकारी संस्था जायंट्स इंटरनेशल के नाना चुदासामा से और बाद में शरद पवार से हुई. पवार उन दिनों कांग्रेस में थे.

पवार से नज़दीकी

जानकार बताते हैं कि पवार को कलमाड़ी में ऐसा व्यक्ति दिखा जो शहरी अंदाज़ में बातचीत कर लेता हो, जो उद्योगपतियों से परिचित हो और अच्छा नेटवर्कर हो.

पवार की मदद से सुरेश कलमाड़ी वर्ष 1977 में पुणे युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और बाद में महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बने.

उल्हास पवार कहते हैं, “उस वक्त कई लोगों ने मुझसे कहा कि उन्हें अध्यक्ष बनाओ. लेकिन मैने कहा कि इन्हें थोड़ा तजुर्बा तो होने दो. लेकिन बाद में मैने उन्हें अध्यक्ष बना दिया.”

उस वक्त संजय गाँधी का बोलबाला था. उनके साथी राजनीतिज्ञों के मुताबिक कलमाड़ी बेहद महत्वाकांक्षी थे और वो पार्टी हाईकमान की नज़रों में आना चाहते थे.

कहा जाता है कि एक बार मोरारजी देसाई पुणे आए तो कलमाड़ी ने उनकी कार पर चप्पल फेंकी. ख़बर संजय गाधी के कानों तक भी पहुँची और वो उनकी नज़र में चढ़ गए.

लेकिन उल्हास पवार कहते हैं, “मैं उस वक़्त मोरारजी देसाई की कार के पास था. ये बात सच है कि चप्पल फेंकी गई थी, लेकिन यूथ कांग्रेस की ओर से चप्पल नहीं फेंकी गई. उस समय वहाँ तीन विभिन्न संगठनों का आंदोलन चल रहा था.”

कांग्रेस में बढ़ी पैठ

जब शरद पवार कांग्रेस अलग हुए और नई पार्टी कांग्रेस एस बनाई, तो कलमाड़ी भी उनके साथ हो लिए. वो नई पार्टी के युवा ईकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और 1986 तक इस पद पर रहे.

इसी दौरान शरद पवार की बदौलत वो पहली बार 1982 में राज्य सभा पहुँचे. बाद में वो वापस कांग्रेस पहुँचे.

वर्ष 1991 में लोकसभा चुनाव में उस समय के पुणे सांसद विट्ठलराव गाडगिल की हार के बाद कलमाड़ी ने स्थानीय कांग्रेस की कमान अपने हाथों में ली.

नरसिम्हाराव सरकार में वो केंद्र में रेलवे राज्य मंत्री बने. वो अब तक के एकमात्र रेलवे राज्यमंत्री हैं जिन्होंने संसद में रेल बजट प्रस्तुत किया.

प्रशंसका भी, आलोचक भी...
एक स्थानीय कांग्रेस नेता के मुताबिक, “कलमाड़ी अख़बारों में इतने इश्तिहार देते थे कि ऐसा लगता ता कि पूरा मंत्रायल उन्हीं की वजह से चल रहा है. उन्होंने अपनी बेहतरीन छवि प्रस्तुत करने की कोशिश की. वो कुशल मैनेजर हैं.”

कलमाड़ी के राजीव गाँधी से भी अच्छे संबंध थे. दोनो का पायलट होना भी अच्छे संबंधों का कारण था.

पुणे में जहाँ उनके कई आलोचक हैं, तो कई उनकी तारीफ़ भी करते हैं. एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक जब पुणे मे राष्ट्रीय खेल हुए, तो शहर का नक्शा ही बदल गया.

उनका कहना था, “कलमाड़ी ने पुणे फ़िल्म समारोह या पुणे मैराथन की शुरुआत की जिससे शहर का प्रोफ़ाईल बढ़ा. वो महाराष्ट्र टूरिज़्म डेवलपमेंट कार्पोरेशन के प्रमुख रहे. कलमाड़ी ने ऐसा दिखाने की कोशिश की थी कि वो पुणे का एकमात्र चेहरा हैं. दिल्ली में पार्टी नेताओं को उन्होंने पिछले कई सालों से यही बताने की कोशिश की है कि वो यहाँ एकमात्र नेता हैं जो शरद पवार को टक्कर दे सकता है.”

लेकिन कलमाड़ी के विरोधी इसे मात्र ‘भभका’ बताते हैं जिसका आम आदमी की परेशानियों से कोई लेना देना नहीं था.

वर्ष 1997 में कलमाड़ी ने कांग्रेस को विदा कहा. उस वक़्त पार्टी के प्रमुख सीताराम केसरी थे, और कलमाड़ी को लगा कि उन्हें पुणे से टिकट नहीं मिलेगा.

दिल्ली में पहुँच
कलमाड़ी ने एक नई पार्टी पुणे विकास अघाड़ी बनाई, लेकिन उसका बहुत असर नहीं हुआ. वो 1999 का चुनाव हार गए. बाद में वापस कांग्रेस में आ गए.

उन्हें 2004 के लोकसभा चुनाव में सफ़लता मिली. वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में भी पुणे से उनकी जीत के लिए शरद पवार को ज़िम्मेदार माना जाता है.

वरिष्ठ कांग्रेसी बताते हैं कि कलमाड़ी की दिल्ली में इतनी चलती थी कि वर्ष 2009 में कांग्रेस का एक जत्था सोनिया गाँधी से कलमाड़ी के खिलाफ़ शिकायत करने गया था, लेकिन उन्हें मिलने का समय भी नहीं दिया गया.

माना जाता है कि अब भी कलमाड़ी के संबंध शरद पवार से अच्छे हैं लेकिन अजीत पवार से नहीं जिन्होंने कलमाड़ी के रास्तों में मुश्किलें खड़ी की हैं.

पुणे के एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक कलमाड़ी पर भ्रष्टाचार के आरोप सालों से लग रहे थे.

वे कहते हैं, “जब उनके गुट ने पुणे कॉर्पोरेशन का संचालन अपने हाथों में लिया, तो लोगों को आभास था को वो धन कमा रहे हैं. वो पार्टियों पर बेइंतहा पैसा खर्च करते थे. वो कोई मास लीडर या आम लोगों के नेता नहीं हैं. वो अनुसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति, ओबीसी और गैर-मराठी लोगों की राजनीति करते हैं.”

क्या होगा भविष्य
खेल से उनका दूर-दूर तक कोई नाता नहीं था. वो पहले एथलेटिक्स फ़ेडरेशन के प्रमुख बने, बाद में भारतीय ओलंपिक संघ से जुड़े.

कांग्रेस से निलंबन के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि कलमाड़ी का भविष्य क्या होगा. एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक कलमाड़ी के लिए बड़ी मुश्किल है पार्टी से निलंबन, न कि सीबीआई चार्जशीट.

उधर स्थानीय कांग्रेसी नेता विश्वास व्यक्त कर रहे हैं कि पिछली बार की तरह इस बार पार्टी उन्हें वापस नहीं लेगी.

उधर कलमाड़ी समर्थक भ्रष्टाचार के आरोपों को राजनीतिक साज़िश बता रहे हैं.

उनके एक समर्थक कहते हैं, “अगर कोई व्यक्ति 35 साल तक राजनीति में हो, तो उसके विरोधी होना लाज़मी है. मीडिया ने उनपर लगातार आठ महीने से हमला बोल रखा है. अगर वो व्यक्ति सही-सलामत है तो उसके अच्छे कर्मों की वजह से है. तभी हम सब बोलते हैं, सबसे बड़ा खिलाड़ी, सुरेश भाई कलमाड़ी. आखिरी फ़ैसला कोर्ट करेगा.”

अमरीका के लिए आईएसआई 'आतंकवादी'


ब्रितानी समाचार पत्र ‘गार्डियन’ में प्रकाशित अमरीका के ख़ुफ़िया दस्तावेज़ों के अनुसार अमरीकी अधिकारी पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई को एक ‘आतंकवादी’ संस्था मानते हैं.

अमरीकी दस्तावेज़ों के मुताबिक़ ग्वांतानामो बे में जाँचकर्ताओं को बताया गया था कि चरमपंथी गुट अल-क़ायदा, हमास और हिज़्बुल्लाह के साथ साथ पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई भी ख़तरनाक संस्था है.

ग्वांतानामों बे के जाँचकर्ताओं को निर्देश दिए गए थे कि अगर किसी भी व्यक्ति का इन गुटों से संबंध हो तो उसके साथ चरमपंथी के तौर पर बर्ताव किया जाए.

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने गार्डियन में छपी इस ख़बर पर बात करने से इंकार कर दिया.

जबकि अमरीकी विदेश मंत्रालय ने इस जानकारी की कड़े शब्दों में निंदा की लेकिन ख़बरों की सच्चाई और उसके ग़लत होने के बारे में कुछ नहीं कहा.

अमरीका के लिए ख़तरा
वर्ष 2007 के इन दस्तावेज़ों को अनुसार आईएसआई समेत अल-क़ायदा, हमास और हिज़्बुल्लाह से किसी भी व्यक्ति का संबंध इस बात का सबूत है कि वह व्यक्ति भविष्य में अमरीका के लिए ख़तरा हो सकता है.
अमरीकी दस्तावेज़ों में आईएसआई को उन 36 गुटों में शामिल किया गया है जिन में मिस्र की संस्था इस्लामिक जिहाद जिस का नेतृत्व अल-क़ायदा के सह-प्रमुख अयमान अल जवाहिरी करते हैं, साथ ही ईरान के गुप्तचर विभाग और इख़्वानुल मुस्लेमीन जैसे गुट शामिल हैं.
अख़बार के मुताबिक़ यह सूची वर्ष 2007 की है लेकिन इस बात की संभावना कम है कि अब आईएसआई का नाम इस सूची से निकाल दिया गया हो.
गार्डियन लिखता है कि इस बात के ज़ाहिर होने से कि अमरीका आईएसआई को अल-क़ायदा और तालिबान जितना ख़तरनाक समझता है, पाकिस्तान में इसका कड़ा विरोध किया जाएगा और इससे दोनों देशों के संबंध ओर ख़राब होंगे.
ग़ौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में गार्डियन ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें कहा गया था कि अमरीकी ख़ुफ़िया विभाग को ऐसी रिपोर्ट मिली हैं कि आईएसआई कई सालों से अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान विद्रोहियों की मदद कर रहा है.

Tuesday, May 3, 2011

पाकिस्तान के ख़ुफ़िया तंत्र पर सवाल

सामा बिन लादेन पाकिस्तान की सरज़मीं पर मारे जाएं और पाकिस्तान के सुरक्षा ढांचे को इसकी ख़बर न हो ये चिंता की बात है.

क्या ये संभव है कि पाकिस्तान के ख़ुफ़िया अधिकारियों को ये पता ही न हो कि वो देश की राजधानी के इतने क़रीब रह रहे हैं.

क्या पाकिस्तान इस अमरीकी हमले से किसी तरह जुड़ा हुआ था.

इन सवालों के जो भी जवाब हों लेकिन इतना ज़रूर है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ चल रही लड़ाई पर पाकिस्तान के सुरक्षा अधिकारियों का नियंत्रण और कम हो जाएगा.

इसीलिए विदेश मंत्रालय के बयान के अलावा कई घंटों तक पाकिस्तान की सरकार और सेना चुप्पी साधे रही.

ख़ुफ़िया जंग

ओसामा की मौत ऐसे समय हुई है जब अमरीकी ख़ुफ़िया अधिकारियों की पाकिस्तान में मौजूदगी को लेकर पाकिस्तान और अमरीका के बीच काफ़ी तनाव चल रहा है.

ये विवाद सीआईए के एक अधिकारी रेमंड डेविस को लेकर पैदा हुआ था जिसने लाहौर में दो पाकिस्तानियों को गोली मार दी थी.

उसे गिरफ़्तार किया गया और अमरीका पर दबाव डाला गया कि वो बताए कि पाकिस्तान में उसका ख़ुफ़िया जाल कहां तक फैला है.

रेमंड डेविस की रिहाई भी तब हुई जब पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों को अमरीका से यह आश्वासन मिला कि वो अपने ख़ुफ़िया अभियान की जानकारी देगा और भविष्य में पाकिस्तानी ख़ुफ़िया विभाग के साथ मिलकर काम करेगा.

लेकिन ओसामा बिन लादेन के ख़िलाफ़ हुई कार्रवाई ने इस ग़लतफ़हमी को दूर कर दिया है.

पाकिस्तानी प्रसार माध्यम एकमत हैं कि जब तक ये अभियान पूरा नहीं हुआ पाकिस्तान को इस अभियान के बारे में कुछ पता नहीं था.

अगर ये बात सच है तो अमरीका का ये तर्क पुष्ट होता है कि पाकिस्तान में लड़ाई जारी रखने का बस एक ही तरीक़ा है कि पाकिस्तान को उससे बाहर रखा जाए.

शहरों पर दबाव

इस घटना से पाकिस्तान के ख़ुफ़िया विभाग पर तो सवाल उठते ही हैं पाकिस्तान के कई शहर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की नज़र में आते हैं.

भारत और अफ़ग़ानिस्तान ने ऐबटाबाद में ओसामा बिन लादेन की उपस्थिति को लेकर टिप्पणी की है कि उन्हे इस बात की कोई हैरानी नहीं हुई कि ओसामा पाकिस्तान में थे.

अब पाकिस्तान के लिए क्वेटा जैसे शहरों को सुरक्षित रखना और मुश्किल हो जाएगा जो तालिबान और अल-क़ायदा से जुड़े संगठनों का गढ़ रहा है.

इससे अफ़ग़ानिस्तान के तर्क को बल मिला है कि चरमपंथ की जड़ें पाकिस्तान में हैं इसलिए दुनिया को पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाना चाहिए.

साथ ही भारत भी अब लश्करे तोएबा जैसे चरमपंथी संगठनों के ख़िलाफ़ सीधी कार्रवाई किए पर ज़ोर देगा जिसे वह नवम्बर 2008 के मुम्बई हमलों के षड़यंत्र के लिए ज़िम्मेदार मानता है.

अल क़ायदा से जुड़े हक्कानी नेटवर्क और लश्करे तोएबा को पाकिस्तान की ख़ुफ़िया सेवा आइएसआइ के नज़दीक माना जाता है.

कई विश्लेषकों के अनुसार पाकिस्तान अपनी विदेश नीति के उद्देश्यों के लिए इनका इस्तेमाल करता रहता है.

हो सकता है पाकिस्तान पर ये दबाव बढ़े कि वो अपनी विदेश नीति में बदलाव लाए और चरमपंथी नेटवर्क पर अपनी निर्भरता समाप्त करे.
ओलेकिन इससे पाकिस्तान के नाज़ुक लोकतंत्र की जड़ें हिल सकती है

ओसामा को समुद्र में ही जगह क्यों मिली?

अमरीकी अधिकारी कहते हैं कि ओसामा बिन लादेन के शव का पूरा सम्मान किया गया और उन्हें समुद्र में दफ़न कर दिया गया. लेकिन कुछ मुसलमान इसके औचित्य पर सवाल उठा रहे हैं.

इस्लामी परंपरा के अनुसार मरने के बाद जिस्म को जल्द से जल्द दफ़न कर दिया जाना चाहिए, बशर्ते कि पोस्टमॉर्टम की ज़रूरत न हो.

अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि इसी परंपरा का पालन करते हुए तेज़ी दिखाई गई और दफ़नाने की सभी ज़रूरी प्रक्रियाएँ पूरी की गईं.

उनका कहना है कि अमरीका के विमान वाहक पोत यूएसएस कार्ल विन्सन पर शव को एक सफ़ेद चादर में लपेट कर एक बड़े थैले में रखा गया और फिर अरब सागर में उतार दिया गया.

यह सब ब्रितानी समयानुसार सुबह छह बजे हुआ, यानी ओसामा के सिर पर गोली मारने के लगभग बारह घंटे बाद. एक गोली मारने के बाद दोबारा मारी गई ताकि उनकी मौत में कोई शक न रहे.

उसके बाद शव को अफ़ग़ानिस्तान ले जाया गया और ओसामा की पहचान सुनिश्चित की गई. अधिकारियों का कहना है कि उनके डीएनए का नमूना लिया गया जो उनके कई परिवारजनों से मेल खाता था.

फिर अफ़ग़ानिस्तान से शव यूएसएस कार्ल विन्सन नाम के जहाज़ पर ले जाया गया.

एक अमरीकी रक्षा अधिकारी का कहना है, "एक सैन्य अधिकारी ने धार्मिक अंश पढ़े जिनका एक स्थानीय निवासी ने अरबी में अनुवाद किया".

लेकिन समुद्र में क्यों?ब्रिटेन की एक मस्जिद के इमाम और मुस्लिम काउंसिल फ़ॉर रिलीजियस ऐंड रेशियल हारमनी के अध्यक्ष डॉक्टर अब्दुल जलील साजिद का कहना है कि मौत के बाद चार ज़रूरी काम होते हैं 'ग़ुस्ल यानी नहलाना, कफ़न में लपेटा जाना, नमाज़े जनाज़ा और दफ़नाना'.

उनका कहना है कि इस मौक़े पर किसी इमाम की मौजूदगी ज़रूरी नहीं है लेकिन कोई ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसे इस्लाम के तहत 'दफ़न के बुनियादी सिद्धांतों' की जानकारी हो.

उनका यह भी सवाल है कि समुद्र में दफ़नाना क्यों ज़रूरी था. वह कहते हैं कि ऐसा तब हो सकता है जब समुद्री यात्रा के दौरान किसी की मौत हो जाए लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं था.

डॉक्टर साजिद का तर्क है कि ओसामा बिन लादेन के परिवार या संगठन में कोई ऐसा व्यक्ति ज़रूर मिल जाता जो शव को सही तरीक़े से दफ़ना देता.

जोर्डन विश्विद्यालय में इस्लामी क़ानून के प्रोफ़ेसर मोहम्मद क़ुदाह ने एपी समाचार एजेंसी से कहा कि अगर कोई भी ओसामा के शव को लेने और उसे दफ़नाने के लिए तैयार नहीं था तो समुद्र में डाल देना जायज़ है.

लेकिन साथ ही वह यह भी कहते हैं, "यह कहना या दावा करना सही नहीं है कि इस्लामी देशों में से कोई भी बिन लादेन के शव को लेने को तैयार नहीं
एपी ने दुबई के ग्रैंड मुफ़्ती मोहम्मद अल-क़ुबैसी को भी यह कहते बताया है कि समुद्र में दफ़नाना असाधारण परिस्थिति में जायज़ है और यह उनमें से एक नहीं थी.

दफ़नाने की प्रक्रिया
वह कहते हैं, "यदि परिवार शव को लेने को तैयार नहीं है तो इस्लाम कहता है, आप कहीं भी एक क़ब्र खोदें, नमाज़ पढ़ें और दफ़ना दें".

अमरीकी अधिकारी समुद्र में दफ़नाने की दो वजहें बता रहे हैं. पहली, वह ओसामा की क़ब्र को मज़ार नहीं बनने देना चाहते थे. और दूसरी, अन्य देशों से इस बारे में बात करने का समय नहीं था.

सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक, सऊदी अरब ने शव लेने से इनकार कर दिया था. अगर यह बात सही है तो इसका मतलब उन्हें यह प्रस्ताव दिया गया था और अगर सऊदी अरब ओसामा को अपने यहाँ कहीं दफ़ना देता तो क़ब्र को मज़ार बनते देर नहीं लगती.

हालाँकि एबीसी के जोनाथन कार्ल ने दफ़नाने की प्रक्रिया से पहले ही लिख दिया था, "अमरीकी अधिकारियों ने मुझे बताया कि वह ओसामा के दफ़नाने की जगह को एक आतंकवादी मज़ार नहीं बनने देना चाहते हैं और समुद्र में दफ़ना कर उसकी मौत का आख़िरी नामो-निशान भी क़ायम नहीं रखना चाहते हैं"

Monday, May 2, 2011

क्लर्क के सहारे ओसामा तक पहुंचा अमेरिका


अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पिछले साल अगस्त से एबटाबाद के एक पोस्ट आफिस में बतौर क्लर्क काम कर रहे ताहिर शहजाद पर नजर रखनी शुरू की थी। तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि नौ महीने बाद वे इसके जरिए ओसामा बिन लादेन को मार गिराने में सफल हो जाएंगे। ताहिर पर कुछ आतंकियों के साथ संपर्क की आशंका में निगरानी रखी जा रही थी। ताहिर के सहारे एजेंसियों को सबसे पहले जनवरी में अलकायदा में चौथे नंबर के आतंकी उमर पाटेक को गिरफ्तार करने में सफलता मिली और पाटेक ने उन्हें ओसामा तक पहुंचा दिया।
अलकायदा आतंकियों की तलाश में पिछले दस सालों से लगी अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को सबसे पहले ताहिर शहजाद के आतंकियों से रिश्तों की भनक लगी। इसके बाद शहजाद के हर क्रियाकलाप पर खुफिया एजेंसियों ने नजर रखनी शुरू कर दी। पांच महीने निगरानी के बाद 2002 में इंडोनेशिया के बाली में हुए बम धमाके के मुख्य आरोपी उमर पाटेक के एबटाबाद में छुपे होने का पता चला। पाटेक के अमेरिका के व‌र्ल्ड सेंटर पर हुए हमले में शामिल होने का भी आरोप है और अमेरिका ने उसपर पांच करोड़ रुपये का इनाम रखा था। पाटेक को उसकी पत्नी के साथ एबटाबाद में एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी अब्दुल हामिद के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। शहजाद की निगरानी के आधार पर ही दो हफ्ते पहले अलकायदा के दो फ्रांसिसी आतंकियों को भी गिरफ्तार किया गया।
उमर पाटेक की गिरफ्तारी से कहीं ओसामा सतर्क नहीं हो जाए इसके लिए अमेरिकी एजेंसियों ने खास एहतियात बरती। सबसे पहले उसने दो महीने तक पाटेक की गिरफ्तारी को छुपाए रखा। पाकिस्तान ने इसकी आधिकारिक घोषणा 29 मार्च को की। यहीं नहीं, आधिकारिक घोषणा के बाद भी पाटेक के प्रत्यर्पण में अमेरिका ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। माना जा रहा है कि अमेरिकी एजेंसियों की गिरफ्त में उमर पाटेक से ओसामा के एबटाबाद में ही होने के अहम सुराग मिले। इसके बाद शहर के लगभग 250 घरों में रहने वालों के बारे में चुपचाप जानकारी जुटाने का काम किया गया और यह खोज उस दो मंजिला घर पर जाकर खत्म हुई, जिसमें ओसामा रह रहा था। भारतीय खुफिया एजेंसी से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उमर पाटेक की गिरफ्तारी से साफ हो गया था कि एबटाबाद का अलकायदा से गहरा रिश्ता है और ओसामा को ढूंढने के लिए पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर धूल फांकने के बजाय यहीं ध्यान केंद्रित करना ज्यादा सही है।

Bihar,शेखर सुमन को बिहार गौरव सम्मान


पटना : मांटेसरी स्कूल के तत्वावधान में अभिनेता शेखर सुमन को बिहार गौरव सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर अभिनेता शेखर सुमन ने कहा कि उन्हें यह सम्मान पाकर बेहद खुशी हो रही है। क्योंकि घर में सम्मान मिला है। उन्होंने बिहार में हो रहे विकास पर कहा कि नीतीश जी ने राज्य को एक नई दिशा दी है। मैं उनके साथ हूं। व्यक्ति का नाम नहीं काम बोलता है। आगे कहा कि भष्टाचार के लिए हम सभी दोषी हैं। इसीलिए घूस दें और न ही घूस लें। भष्टाचार के खिलाफ प्ले कार्डस लिए बच्चों को मन लगाकर पढ़ने की नसीहत दी। स्कूल के मुख्य संरक्षक पद्मश्री डा. गोपाल प्रसाद सिन्हा, सचिव सूरज सिन्हा, वरीय हडडी रोग विशेषज्ञ डा. अमूल्य कुमार सिंह ने संबोधित किया। कार्यक्रम में चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान, बिहार की ओर से महासचिव कमलनयन श्रीवास्तव एवं अध्यक्ष गणेश प्रसाद सिंहा ने अभिनेता शेखर सुमन को अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फिल्म निर्देशक अरविंद आनंद ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डा. संजय सहाय ने किया।

Bihar,नीतीश ने उठाया गंवई छात्रों का झंडा


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंवई (ग्रामीण) छात्रों का 'झंडा' उठाया है। मसला, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में अंग्रेजी की जांच परीक्षा अनिवार्य किए जाने का है। मुख्यमंत्री ने इसका पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने इस बारे में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार यह नई व्यवस्था हर हाल में खत्म होनी चाहिये। यह वस्तुत: उन छात्रों या प्रतियोगिता परीक्षा के प्रतिभागियों के साथ अन्याय है, जो ग्रामीण परिवेश से आते हैं।
कुछ दिन पहले उत्तरप्रदेश के एक छात्र ने इस बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। उसका आग्रह था कि मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) इस बारे में हस्तक्षेप कर उन छात्रों को न्याय दिलायें, जो हिंदी भाषी राज्यों के ग्रामीण परिवेश से आते हैं। मुख्यमंत्री ने इसी पत्र को आधार बना केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को परेशानी होगी। ऐसा नहीं होना चाहिये। उन्होंने बताया कि अभी तक दिल्ली ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, कोई जवाब नहीं आया है।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक करने वाले नहीं बख्शे जाने चाहिये। यह बड़ा भयावह अपराध है। उनसे पूछा गया था कि एआईईईई परीक्षा का प्रश्नपत्र आउट करने में बिहार के भी कोचिंग संस्थान का नाम आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा-'अगर ऐसा है, तो हमारी पुलिस जांचकर्ताओं को भरपूर मदद करेगी।' उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले पांच वर्ष के दौरान खासकर परीक्षा के मामले में बहुत कुछ बदला, सुधरा है। नहीं तो यही बिहार मेधा घोटाला जैसी बदनामी झेला था।

Bihar,विशेष राज्य दर्जा के लिए हस्ताक्षर अभियान

मधुबनी। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने को लेकर जदयू नेता राजू अंसारी के नेतृत्व में भौआड़ा राघोनगर चौक पर हस्ताक्षर अभियान में हजारों लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया। इस अभियान का उद्घाटन करते हुए विधान पार्षद व जिला जदयू के संयोजक उदयकांत चौधरी ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलने पर उद्योग धंधा, कल कारखानों का विकास होगा। इससे 90 प्रतिशत केन्द्रीय सहायता मिलेगी और मात्र दस प्रतिशत ऋण मिलेगा जो वर्तमान में 70 प्रतिशत ऋण है। श्री चौधरी ने कहा कि मधुबनी जिले में पांच लाख हस्ताक्षर का लक्ष्य है जिसमें तीन लाख हस्ताक्षर का संग्रह हो गया है। मौके पर जदयू नेता जहीर परसौनवी, मृणाल कांत सिंह, हरि चौधरी, नागेन्द्र यादव आदि उपस्थित थे।

Mithilanchal बिहार में बनेगी एसएसबी की 8वीं बटालियन

जयनगर (मधुबनी)। बिहार में एसएसबी की आठवीं बटालियन की स्थापना की जाएगी। यह बात जयनगर बाजार समिति स्थित एसएसबी 14वीं बटालियन मुख्यालय में एसएसबी के आईजी आदित्य कुमार मिश्र ने पत्रकारों से बात चीत मे कही। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को एसएसबी के जवानों में दो प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के द्वारा 17 सौ करोड़ की लागत से सीमा स्थित बगहा से गलगलिया के बीच सड़क का निर्माण किया जाएगा। आइजी के वार्षिक निरीक्षण कर वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर 14वीं बटालियन के समादेष्टा वंदन सक्सेना समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

कमरे के अभाव में पढ़ाई बाधित

कुनौली (सुपौल)। डगमारा स्थित सीमा आदर्श मध्य विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। इस विद्यालय की स्थापना वर्ष 1963 ई. में हुई थी यहां करीब 1200 छात्र-छात्राएं वर्ग एक से आठ तक में नामांकित हैं। यहां शिक्षक पदस्थापित है। इस विद्यालय में 10 कमरे हैं। एक कमरे में कार्यालय चलता है, एक में पठन-पाठन सहित अन्य सामाग्री रखी हुई है। शेष बचे सात कमरे में वर्ग एक से आठ तक का संचालन होना संभव नहीं है। इसलिए वर्ग एक का संचालन बरामदे पर होता है। प्रधानाध्यापक श्याम रजक ने जागरण को बताया कि कमरे के साथ-साथ भूमि व बेंच डेस्क का भी घोर अभाव है जिसके कारण येन-केन प्रकारेण पठन-पाठन होता है। श्री रजक ने बताया कि चूंकि उनका विद्यालय संकुल संसाधन केन्द्र है और एक शिक्षक महावीर साफी के समन्वयक होने के वजह से उनको अलग से कार्य बोझ रहता है। विद्यालय के भवन व भूमि के संबंध में श्री रजक ने बताया कि विद्यालय की स्थापना के 47 वर्ष बीत जाने के बाद भी विभाग या ग्रामीणों के द्वारा अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं करायी जा सकी है। जबकि महाविद्यालय पुनर्वास और जल संसाधन विभाग की जमीन पर अवस्थित है। इस संबंध में अभिभावक मिथिलेश मिश्र, बच्चु झा, इन्द्रदेव कामत बताते हैं कि जब तक भवन और शिक्षक की व्यवस्था नहीं होती तब तक विद्यालय में यह समस्या बनी रहेगी। इसके बाबत जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जमीन और भवन जिस-जिस विद्यालय को प्राप्त नहीं है उसे चिह्नित कर शीघ्र ही संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।

छात्रों को कम्प्यूटर शिक्षा योजना फ्लाप Madhubani

लखनौर। छात्रों को कम्प्यूटर में दक्ष बनाने की महत्वाकांक्षी योजना प्लस टू धारावती उच्च विद्यालय में अबतक सफलीभूत नहीं हो पाई हैं। सरकार द्वारा प्रदत्त 11 कम्प्यूटर करीब डेढ़ वर्ष से एक कमरे में शोभा की वस्तु बनी हुई है। आज तक किसी छात्र ने कम्प्यूटर ऑपरेटर करना भी नहीं सीखा है। छात्र केशव कुमार छात्रा गायत्री कुमारी, गूंजा कुमारी, सीता राम झा आदि ने बताया कि सीखना तो दूर आजतक उन लोगों को कम्प्यूटर के सीट पर बैठने का मौका भी नहीं मिल सका है। कम्प्यूटर ऑपरेट करने हेतु बिजली नहीं है, जेनरेटर रहने के बावजूद डीजल की कमी के कारण कम्प्यूटर नहीं चलता। वरीय शिक्षक तुलाकांत ने बताया कि संविदा पर एक कम्प्यूटर शिक्षक बहाल हैं। नवल किशोर साह नीट कम्प्यूटर संस्था द्वारा इसके संचालन हेतु कान्ट्रैक्ट किया गया है। अलबत्ता जो भी हो लाखों रुपए के कम्प्यूटर एवं जेनरेटर रखे-रखे पुराना हो रहा है। प्रभारी प्रधानाध्यापक कुणाल कांत ठाकुर कहते हैं वस्तुस्थिति से सभी वरीय पदाधिकारी अवगत हैं।

दिलीप कुमार ने 15 लाख रुपये दान में दिए


प्रख्यात अभिनेता दिलीप कुमार अब फिल्मों में सक्रिय नहीं हैं लेकिन फिर भी वह फिल्मोद्योग के लोगों के कल्याण में मदद के लिए तैयार हैं। अट्ठासी वर्षीय कुमार ने यहां सिने एवं टेलीविजन कलाकार संघ (सिन्टा) की 16 मंजिला इमारत में एक मंजिल के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये दान में देने का फैसला किया।
सिन्टा के उपाध्यक्ष गजेंद्र चौहान ने बताया, एक सिने कलाकार कल्याण ट्रस्ट है, अमजद खान, दिलीप कुमार, मिथुन चक्रवर्ती और दारा सिंह जैसे कलाकारों ने 1992 में इसकी स्थापना की थी। दिलीप कुमार ने ट्रस्ट के निर्माण कोष में 15 लाख रुपये का दान दिया है। इमारत के निर्माण में इसका इस्तेमाल होगा। उन्होंने बताया, इसके अलावा हमारे पास पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि है। पिछले साल स्टार प्लस और सुपरस्टार्स का जलवा शो के जरिए हमने यह राशि इकट्ठी की थी।
राज्य सरकार ने अंधेरी पश्चिम में सिन्टा टॉवर के लिए भूमि दान की है। लोखण्डवाला परिसर के नजदीक कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्पताल से लगकर इस इमारत का निर्माण होगा।
चौहान ने बताया, हमने इमारत निर्माण के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के लिए आवेदन कर दिए हैं। इमारत की नींव भी रख दी गई है। अब अगले तीन-चार महीने में निर्माण शुरू हो जाएगा और मुझे लगता है कि अगले दो-तीन साल में इमारत तैयार हो जाएगी और यहां से काम शुरू हो जाएगा।

सख्त मिजाज शख्स हैं मेरे पिता: इमाद


मुंबई। अभिनेता और संगीतकार इमाद शाह के अपने पिता नसीरुद्दीन शाह से दोस्ताना सम्बंध हैं लेकिन उनका कहना है कि बतौर पेशेवर वह बेहद सख्त हैं।
इमाद ने बताया, वह (नसीरुद्दीन) एक शख्सियत के तौर पर बेहद कड़क मिजाज व्यक्ति हैं और मेरे साथ भी वे इसी तरह पेश आते हैं। वह इस तरह के अंतिम व्यक्ति होंगे जिन्होंने किसी की दिल से खुलकर सराहना की हो। मेरे पिता सख्त व्यक्ति हैं। इसलिए मैं इस बात को महसूस करता हूं कि उनके तय कायदों के साथ ही उनसे मिलना चाहिए।
मजेदार बात यह है कि इमाद ने वर्ष 2006 में अपने पिता द्वारा निर्देशित फिल्म यू होता तो क्या होता से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। मुंबई में कॉलेज जाते वक्त रेलगाड़ी से गिरने के कारण इमाद गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद नसीरुद्दीन ने उन पर मनीष तिवारी की निर्देशित फिल्म में काम करने पर जोर दिया था। गम्भीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था लेकिन वर्ष 2009 में पुरस्कार विजेता फिल्म लिटिल जीजू से वापसी की।

अमेरिका में राजकपूर रिट्रोस्पेक्टिव का आयोजन


मुंबई। प्रख्यात अभिनेता-फिल्मकार राजकपूर की फिल्में सिनेमाई उत्कृष्टता का खूबसूरत उदाहरण हैं। उनकी फिल्में न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी मशहूर हैं। अब टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) की कोशिश है कि उत्तर अमेरिकी लोग भी राजकपूर के काम को समझें।
टीआईएफएफ, अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईआईएफए) के साथ मिलकर राजकपूर रिट्रोस्पेक्टिव का आयोजन कर रहा है। जिसमें इस मशहूर फिल्मकार की आग, आवारा, श्री 420 और संगम सहित 15 चुनिंदा फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। टीआईएफएफ के कलात्मक निदेशक नूह कॉवैन ने कहा, राजकपूर रिट्रोस्पेक्टिव के आयोजन के लिए आईआईएफए से अनुरोध करने की कई वजहें थीं। हम टीआईएफएफ में रहते हुए लम्बे समय से ऐसा महसूस कर रहे थे कि उत्तर अमेरिका में राजकपूर को ज्यादा पहचान नहीं मिल सकी है। उनकी फिल्में भारतीय सिनेमा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और भारतीय सिनेमा, खासकर हिंदी सिनेमा को समझने के लिए उनकी फिल्में देखना जरूरी है। उन्होंने कहा, इसलिए हमारे लिए इस आयोजन का मकसद शैक्षिक है। हम वास्तव में चाहते हैं कि लोग इन फिल्मों को देखें। यहां का केवल दक्षिण एशियाई समुदाय ही नहीं बल्कि हर कोई इन फिल्मों को देखे।
राजकपूर की फिल्मों के प्रदर्शन के साथ ही उनकी फिल्मों में इस्तेमाल हुई विभिन्न वस्तुओं को भी प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा। कॉवैन ने कहा, हमें विश्वास है कि इस आयोजन से भारतीय सिनेमा को लोगों के बीच और पहचान मिलेगी। उनकी फिल्मों में इतना अधिक रचनात्मक कार्य है लेकिन उसे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में पर्याप्त सम्मान नहीं मिला है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उत्तर अमेरिका राजकपूर की विरासत को समझे।
टोरंटो में आईआईएफए के पुरस्कार समारोह के एक दिन बाद 26 जून से राजकपूर रिट्रोस्पेक्टिव का आयोजन होगा। इसमें ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, राजीव कपूर, रणबीर कपूर, करीना कपूर सहित कपूर परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे।

आइटम नंबर करने से इंकार: मिस इंडिया कनिष्ठा


लवासा। मिस इंडिया कनिष्ठा धनकर ने कहा है कि वह बॉलीवुड में कोई आइटम नंबर नहीं करना चाहतीं। कनिष्ठा के मिस व‌र्ल्ड का ताज जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।
संदेश प्रधान फिल्में करने पर जोर देते हुए कनिष्ठा ने कहा, मुझे नहीं लगता कि मैं आइटम सांग करने के लिए सहज हूं। यदि मैं कोई बॉलीवुड फिल्म करूंगी तो थ्री इडियट, गुजारिश जैसी होगी जिसमें कोई संदेश होगा। मैं कुछ ऐसा करना चाहती हूं जिसके जरिए मैं संदेश दे सकूं और कुछ अलग कर सकूं। उन्होंने कहा कि वह अनुराग कश्यप और करण जौहर जैसे फिल्म निर्माताओं के साथ काम करना चाहती हैं।
कनिष्ठा, मिस इंडिया अर्थ हसलीन कौर और मिस इंडिया इंटरनेशनल अंकिता शौरी के साथ लवासा में क्रिस्टल हाउस स्कूल में दलित बच्चों के लिए एक रिसोर्स सेंटर के उद्घाटन के लिए लवासा आईं थीं।

विवाह सूत्र में बंधे अनुराग और कल्कि


मुंबई। फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप और अभिनेत्री कल्कि कोएचिलन शनिवार को विवाह सूत्र में बंध गए। ऊटी के नजदीक कलहट्टी में एक सादे और छोटे से पारिवारिक समारोह में यह शादी हुई। तीन वर्ष पहले अनुराग और कल्कि फिल्म देव डी के दौरान एक-दूसरे के प्रति आकर्षित हुए थे। यह अनुराग की दूसरी और कल्कि की पहली शादी है। पहले विवाह से अनुराग की दस वर्षीय बेटी है।
यह विवाह दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों से सुबह 10.30 शुरू हुआ और रस्में करीब दो घंटे तक चलीं। शादी में मात्र 40 मेहमान थे। जिनमें कल्कि के परिजनों के अतिरिक्त अनुराग की बेटी और निर्देशक भाई, अभिनव (दबंग) मौजूद थे। उनके मित्रों में निर्देशकविक्रमादित्य मोटवाने और उनकी पत्नी और पीयूष मिश्रा विवाह में शामिल हुए। मेहमानों के लिए कल्कि की मां ने दक्षिण भारतीय भोजन बनाया था, जिन्हें उसी अंदाज में केले के पत्ते पर परोसा गया।

लादेन का खात्मा आतंकवाद के खिलाफ बड़ी उपलब्धि


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि ओसामा का मारा जाना अल कायदा और अन्य आतंकी संगठनों से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मनमोहन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय विशेष तौर पर पाकिस्तान से सभी आतंकी संगठनों की गतिविधियों पर पूर्ण पाबंदी लगाने की दिशा में काम करने को कहा है।
प्रधानमंत्री की ओर से जारी बयान के अनुसार मैं इसका एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में स्वागत करता हूं। जिससे अल कायदा और अन्य आतंकी संगठनों को निर्णायक आघात पहुंचेगा। मनमोहन सिंह का यह बयान अमेरिका राष्ट्रपति बराक ओबामा की उस घोषणा के चंद घंटों के भीतर सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे वांछित आतंकी ओसामा पाकिस्तान की राजधानी से 120 किलोमीटर दूर ऐबटाबाद में मारा गया।
मनमोहन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय विशेष तौर पर पाकिस्तान को ऐसे संगठनों की गतिविधियों को पूरी तरह से समाप्त करने की दिशा में मिलकर काम करना चाहिए जो सभ्य समाज के समक्ष खतरा उत्पन्न करते हैं और निर्दोषच्बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की हत्या में संलग्न हैं।

भूटान आयातित बिजली में बिहार को हिस्सा मिले


पटना। बिजली संकट से जूझ रहे बिहार को निजात दिलाने के मकसद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि भूटान से देश में आने वाली बिजली का बड़ा हिस्सा सूबे को भी मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री अपने तीन दिवसीय दौरे पर चार मई को भूटान पहुंचेंगे।.

ओसामा की मौत से आतंकवाद का अंत नहीं


नई दिल्ली। अमेरिका पर 11 सितंबर को हुए आतंकी हमलों के मास्टर माइंड ओसामा बिन लादेन की मौत से खुश दुनियाभर के इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले एकजुटता दिखा रहे हैं जबकि भारत के नेटीजन इसी तरह की कार्रवाई पाकिस्तान में रह रहे माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के खिलाफ किए जाने की माग कर रहे हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर पाकिस्तान के खिलाफ सभी शक्तियों को एकजुट होने का आह्वान किया।
उन्होंने ट्वीट किया कि ओसामा का पाकिस्तान में मारा जाना इस बात को साबित करता है कि वह आतंकियों को शरण देता है। भारत सरकार को निश्चित रूप से पाकिस्तान के खिलाफ वैश्विक मानवीय शक्तियों को एकजुट करना चाहिए।
साइबर दुनिया के लोगों ने अमेरिकी सैनिकों द्वारा ओसामा की हत्या के दिन को अंतरराष्ट्रीय अवकाश घोषित किए जाने की माग की। सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक और ट्विटर पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की प्रशसा में संदेशों की बाढ़ सी आ गई है।
आस्ट्रेलिया के रहने वाले टिगेरकुस्टोम्स हाले ने कहा कि इसे नया अंतरराष्ट्रीय अवकाश दिवस घोषित किया जाए।
फेसबुक के एक इस्तेमालकर्ता ने कहा कि गुड लक ओसामा। तुम अपने साथ दाऊद को भी क्यों नहीं ले जाते हो? शाने मेरिट ने कहा कि मैं इस बात से बेहद खुश हूं कि पागल आदमी मारा गया। जो उसने किया उसके लिए वह इसी का हकदार था। जिस भी सैनिक [या सैनिकों] ने यह शानदार मिशन पूरा किया है मैं उनकी प्रशसा करता हूं। यह मेरे जीवन में अब तक सुनी गई सच्से अच्छी खबर है।
अन्य नामचीन हस्तियों जैसे तसलीमा नसरीन, फिल्मकार शेखर कपूर, अभिनेता रनवीर शौरी और प्रीतिश नंदी ने भी ट्वीट किया। नसरीन ने लिखा कि ओसामा की मौत का मतलब आतंकवाद का अंत नहीं है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहनी चाहिए। नंदी ने कहा कि गुड बाय ओसामा। ओबामा आपको मिला दूसरा कार्यकाल।

वैश्विक लड़ाई के भविष्य पर उठे सवाल


नई दिल्ली, [जागरण ब्यूरो]। ओसामा की मौत के बाद आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे वैश्विक अभियान को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। माना जा रहा है कि अब अमेरिका के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। जबकि आतंकवाद से पीड़ित भारत जैसे तमाम देश चाहते हैं कि यह अभियान बदस्तूर जारी रहना चाहिए।
9/11 हमले के बाद अमेरिका की अगुवाई में आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई शुरू हुई थी। इसके केंद्र में ओसामा को ही पकड़ना था। अब इस अभियान का उद्देश्य पूरा हो गया है। हालांकि इससे अलकायदा और उसके अन्य सहयोगी संगठनों पर लगाम लगेगी, यह तय नहीं है। पिछले पांच वर्षो में लंदन और इटली की मेट्रो ट्रेन में विस्फोट, बाली [इंडोनेशिया] में धमाका तथा दो वर्ष पहले मुंबई में हमला इस बात का उदाहरण है कि अलकायदा से जुड़े ये संगठन कितने खतरनाक हैं। ईरान और संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत रहे और आतंकी मामलों के विशेषज्ञ केसी सिंह का कहना है कि ओसामा अलकायदा के लिए एक प्रतीक था। वह संगठन के रोजाना काम के लिए फिलहाल निर्देश नहीं दे रहा था। ऐसे में इनकी गतिविधियों पर ओसामा की मौत का बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। भारत के पूर्व विदेश सचिव सलमान हैदर का कहना है कि कई मुल्कों और उनकी आबादी के एक हिस्से के लिए आतंकवाद एक पेशा बन चुका है। ओसामा के मरने के बाद इस पेशे से जुड़े लोग थोड़ा सदमे में आ सकते हैं। लेकिन वे इन गतिविधियों को छोड़ देंगे, इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती है। सनद रहे कि आंतकवादी संगठनों की वित्तीय रीढ़ तोड़ने और इनकी गतिविधियों की गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए अंतरराष्ट्रीय समझौते किए गए थे।

ओसामा की बहन से मिलाया गया डीएनए


बोस्टन। अमेरिकी सेना के हाथों मारे गए अलकायदा प्रमुख ओसामा के शव की पहचान के लिए उसके डीएनए का मिलान वर्षो पहले मरी उसकी बहन के डीएनए से कराया गया। कई वर्ष पहले ब्रेन कैंसर से बोस्टन में उसकी बहन की मौत हो गई थी।
'द टेलीग्राफ' की खबर के अनुसार, अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी [एफबीआई] ने ओसामा की बहन की मौत का तत्काल संज्ञान लिया था और उसके मस्तिष्क, टिशू और खून के नमूने सुरक्षित रख लिए थे ताकि उसके डीएनए का खाका तैयार कर सके। इसका मकसद यह था कि यदि ओसामा पकड़ा जाए तो उसकी पहचान के लिए उसकी बहन के डीएनए का इस्तेमाल हो सके।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सैनिकों द्वारा पाकिस्तान के एबटाबाद में छापेमारी के दौरान मारे गए व्यक्ति की पहचान के लिए उसके टिशू और मस्तिष्क के नमूने का मिलान ओसामा की बहन के नमूने से कराया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि ओसामा की पहचान के लिए अफगानिस्तान में उसका डीएनए परीक्षण किया गया। एक सुरक्षा अधिकारी ने सीएनएन को बताया कि ओसामा की पहचान के लिए उसकी कई तरह से पुष्टि की गई जिनमें एक तरीका उसे चेहरे से पहचानने का भी था।

खुल गई पाकिस्तान की पोल


नई दिल्ली। अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन का पाकिस्तान में मारा जाना पाकिस्तान सरकार के लिए सिरदर्द बन सकता है। दरअसल, पिछले काफी समय से पाकिस्तान ओसामा के अपने यहां छुपे होने की बात से इंकार करता रहा था।
अफगानिस्तान में तालिबान और अलकायदा के खिलाफ जंग लड़ रहे उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन [नाटो] के एक अधिकारी ने 18 अक्टूबर, 2010 को कहा था, 'ओसामा किसी गुफा में नहीं छुपा है। वह जिंदा है और पाकिस्तान में है। उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।' पाकिस्तान के आला अधिकारियों ने तब तत्काल इसका खंडन किया था। उनका कहना था, 'यह बयान पाकिस्तान पर दबाव बनाने के लिए दिया गया है।'
हालांकि यह पहला मौका नहीं था जब पाकिस्तान ने ओसामा की मौजूदगी से इंकार किया था। ओसामा के अफगानिस्तान से फरार होने के बाद से ही पाकिस्तान को उसका ठिकाना बताया जा रहा था। 11 दिसंबर, 2005 को अलकायदा आतंकी अतिया अब्दुल रहमान ने इरान में अलकायदा के प्रमुख अबु मुसाब अल जरकावी को लिखे एक पत्र में पाकिस्तान के वजीराबाद को अलकायदा का वर्तमान केंद्र बताया था। दिसंबर, 2009 में अफगानिस्तान ने भी ओसामा के पाकिस्तान में छुपे होने की बात कही थी। अफगानिस्तान के अधिकारियों ने कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी तालिबान और अलकायदा के साथ मिली हुई हैं। इस बयान का खंडन करते हुए प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा था कि विश्व का मोस्ट वांटेड आतंकी पाकिस्तान में नहीं है।

बढ़ सकती हैं भारत की मुश्किलें


नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। ओसामा बिन लादेन की मौत से भले ही पश्चिमी देशों ने राहत की सांस ली हो, लेकिन इससे भारत की मुश्किलें बढ़ भी सकती हैं।
भारतीय खुफिया एजेंसियों का मानना है कि आतंकियों की भर्ती से लेकर धन जुटाने में पूरी तरह आत्मनिर्भर भारत विरोधी आतंकी संगठन ओसामा की मौत को शहादत का दर्जा देते हुए अपनी गतिविधियां बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही अलकायदा के कमजोर होने की स्थिति में पाकिस्तान के कबाइली इलाकों में जैश-ए-मुहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठन अपनी जड़ें भी जमा सकते हैं, जो भारत विरोध के लिए कुख्यात हैं।
भारतीय खुफिया एजेंसी 'आइबी' के पूर्व प्रमुख और विवेकानंद फाउंडेशन के निदेशक ए.के. डोभाल के अनुसार भारत विरोधी आतंकी संगठन किसी भी रूप से अलकायदा पर निर्भर नहीं हैं। धन जुटाने से लेकर आतंकियों की भर्ती तक में वे खुद ही सक्षम हैं और इसके लिए उन्हें पाकिस्तान सरकार से खुला समर्थन मिला हुआ है। अब तक केवल बांग्लादेश स्थित हुजी भारत विरोधी गतिविधियों के लिए अलकायदा से आर्थिक व तकनीकी सहयोग लेता रहा है।
इसके अलावा जैश-ए-मुहम्मद के प्रमुख अजहर मसूद के ओसामा से अच्छे संबंध थे। इसीलिए ओसामा समय-समय पर उन्हें आर्थिक मदद देता रहता था। जाहिर है इन दोनों संगठनों की गतिविधियां कुछ प्रभावित हो सकती हैं।
लेकिन, भारतीय एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चिंता जैश और लश्कर के आतंकियों को पाक से मिल रहे खुले समर्थन को लेकर है। अलकायदा के कमजोर होने की स्थिति में भारत विरोधी ये संगठन पाक सरकार की मदद से कबाइली इलाकों में अपनी जड़ें जमा सकते हैं।
डोभाल का मानना है कि अमेरिका के खिलाफ जिहाद में ओसामा को शहीद का दर्जा देकर कुछ आतंकी संगठन लोगों को कुर्बानी के लिए प्रेरित करने की कोशिश भी कर सकते हैं और इससे भारत में आतंकी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
सेंटर फॉर कंफ्लिक्ट स्टडीज के अजय साहनी का मानना है कि भारत में आतंकी गतिविधियों का भविष्य पाकिस्तान पर पड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय दबाव पर निर्भर करता है। उनके अनुसार ओसामा के पाकिस्तान में मिलने के बाद पाकिस्तान पर आतंकियों की मदद रोकने के लिए जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव बनेगा। इस दबाव के आगे पाकिस्तान के झुकने की स्थिति में ही भारत को आतंकियों से कुछ राहत मिल सकती है।
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग [रॉ] के पूर्व प्रमुख ए.एस. दुल्लत का भी मानना है कि ओसामा की मौत का भारत पर कोई असर नहीं पड़ेगा और हम केवल किनारे खड़े होकर ताली बजा सकते हैं।